मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में 12 जून को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम होने जा रहा है, जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम अकादमी में चल रहे 127वें इंडक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा।
ये रहेगा ओम बिरला का कार्यक्रम
लोकसभा अध्यक्ष गुरुवार सुबह करीब पौने दस बजे देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और इसके बाद मसूरी स्थित अकादमी में 11 बजकर 30 मिनट पर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वह उसी दिन दिल्ली वापस भी लौट जाएंगे।
9 राज्यों से चयनित 97 अधिकारी लेंगे कार्यक्रम में हिस्सा
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के 19 राज्यों से चयनित 97 अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं, जो राज्य सिविल सेवाओं से प्रोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए हैं। इनमें 73 पुरुष और 24 महिला अधिकारी शामिल हैं। कार्यक्रम ‘विकसित भारत @2047’ की राष्ट्रीय दृष्टि और ‘मिशन कर्मयोगी’ के रूपांतरणीय लक्ष्यों से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य इन अधिकारियों को राज्य-स्तर की प्रशासनिक भूमिकाओं से राष्ट्रीय स्तर की नेतृत्वकारी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है।
प्रशिक्षण का फोकस सात प्रमुख स्तंभों पर आधारित है. सुशासन, व्यक्तित्व विकास, सहयोगात्मक अधिगम, प्रौद्योगिकी, नेतृत्व अंतर्दृष्टि, उद्यमिता, और क्षेत्रीय अवगाहन। कार्यक्रम का उद्देश्य भविष्य के लिए सक्षम, नैतिक और संस्थागत नेतृत्व को बढ़ावा देना है, ताकि ये अधिकारी नीति निर्माण, अंतर-क्षेत्रीय समन्वय और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में निर्णायक भूमिका निभा सकें।