उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था से नाराज होकर सीएम धामी बुधवार को औचक निरीक्षण के लिए पुलिस मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान सीएम धामी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएम धामी ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था को मजबूत करने, वैरिफिकेशन ड्राइव चलाने, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही अधिकारियों को लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने और अराजक तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा अपराधियों पर नकेल कसने के लिए तकनीक का अधिक प्रयोग किया जाए। सीएम ने कहा पुलिस की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली महिलाओं को सुरक्षित माहौल और आमजन को न्याय दिलवाने में अत्यंत सहायक होती है। सीएम ने कहा पुलिस का व्यवहार आमजन के साथ मित्रवत होना चाहिए लेकिन अपराधियों के मन से पुलिस का भय बना रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त लहजे में कहा उत्तराखण्ड ‘देवभूमि’ है, यहां के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए हम सख्त से सख्त कदम उठाने के लिए तैयार हैं। लेकिन देवभूमि में अपराध करने वाले को बख्शा नहीं जाए।
