हरिद्वार जनपद के रुड़की में एसिड अटैक का मामला सामने आया है। दवाई लेकर घर लौट रही दुष्कर्म पीड़िता युवती पर आरोपी ने तेजाब फेंक दिया। मिली जानकारी के अनुसार युवती के हाथ पर तेजाब डाला गया है। पुलिस ने युवती को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां से उसे देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
दुष्कर्म पीड़िता पर आरोपी ने फेंका तेजाब
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बे के एक मोहल्ला निवासी एक युवती ने करीब दो सप्ताह पहले पुलिस को तहरीर देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक रहीस हैदर के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
आरोप है कि शनिवार की देर रात युवती घर के पास में ही चिकित्सक से दवाई लेकर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर तेजाब फेंक दिया। अचानक हुए एसिड अटैक में युवती बुरी तरह झुलस गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आस-पास के लोग युवती के पास पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी।
युवती का चल रहा कोरोनेशन अस्पताल में इलाज
कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि एसिड अटैक के संबंध में पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
