उत्तराखंड में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी, मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में अगले तीन दिनों तक दिन हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिलों में तापमान 40 से 41°C तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार 20 मई तक प्रदेश के मैदानी जिलों में तापमान और ज्यादा बढ़ने की संभावना है। मैदानी जिलों में तापमान 41 डिग्री से भी ऊपर पहुंच सकता है। गर्मी बढ़ने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चलेंगी। इसके लिए मौसम विभाग ने जनता से सावधानी बरतने की अपील की है।

इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज

राज्य के जाने माने फिजिशियन डॉक्टर एसडी जोशी ने कहा कि गर्मी जानलेवा भी हो सकती है, इसलिए एहतियात बरतना बहुत जरूरी है। गर्मी लगने से व्यक्ति में अत्यधिक थकान, कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, जी मिचलाना, शरीर में ऐंठन, तेज धड़कन, भ्रम की स्थिति जैसे लक्षण दिखने लगते हैं। इसके लिए जरूरी है कि खूब पानी पीएं, प्यास न लगी हो तब भी पानी पीते रहें।

इन बातों का रखें ध्यान

ORS और घर पर बने पेय पदार्थ जैसे शिकंजी, नारियल पानी, छांछ का उपयोग करने की दी सलाह।
मादक और कैफीनयुक्त पेय पदार्थों के साथ-साथ शर्करा युक्त पेय पदार्थों से बचना की दी सलाह।
बच्चों, बुजुर्ग व्यक्तियों, बाहरी कर्मचारियों और पहले से किसी स्वास्थ्य समस्या वाले लोगों पर रखें नजर ।
अत्यधिक गर्मी के घंटों के दौरान सख्त शारीरिक गतिविधि से बचें।