चमोली तीरंदाजी एसोसिएशन के पोस्टर का उद्धाटन बद्रीविशाल के कपाट खुलने के मौके पर बद्रीनाथ के रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी के आशीर्वाद साथ किया गया। चमोली में तीरंदाजी खेल की शुरुआत के लिए ठाकुर भवानी सिंह ने एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं दी।
बद्रीनाथ धाम के कपाट 12 मई को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। हजारों की संख्या में भू बैकुण्ठ धाम पंहुचे श्रद्धालुओं के जयकारों से भगवान बद्रीविशाल धाम गूंज उठा। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु उत्तराखंड तीरंदाजी एसोसिएशन के पोस्टर उद्धाटन के साक्षी बने।
इस अवसर पर चमोली तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष भानु प्रकाश नेगी ने कहा कि चमोली मे तीरंदाजी खेल के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को निखारने व उन्हें राष्ट्रीय व अर्न्तराष्ट्रीय स्तर तक पंहुचाने के लिए इस एसोसिएशन का गठन किया गया है। जिसमें उत्तराखंड में तीरंदाजी के भीष्म पितामह भारतीय तीरंदाजी एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष व उत्तराखंड तीरंदाजी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह तोमर का बहुत बड़ा योगदान है।
वहीं कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड तीरंदाजी एसोसिएशन के सचिव डॉ मानवेन्द्र वर्त्ताल ने कहा कि यह कार्यक्रम भगवान बद्रीनाथ धाम की पावन व पवित्र धरती से उनके आर्शीवाद के साथ शुरू किया गया हैं। निश्चित रूप से यह चमोली के युवा खिलाडियों के लिए एक बड़ा प्लेटफार्म बनेगा।
