अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले में लौटी रौनक, तिब्बती उत्पादों की सजी दुकानें, नेपाली व्यापारियों में भी उत्साह

भारत-नेपाल के व्यापारिक और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूती दे रहा ऐतिहासिक जौलजीबी मेला, 6 साल बाद मेले में पहुंचे तिब्बत (चीन) के उत्पाद,रिपोर्ट- प्रदीप महरा

पिथौरागढ़: भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में इस साल रौनक देखते ही बन रही है. 6 साल बाद तिब्बत के साथ व्यापार शुरू होने से मेले में एक बार फिर पुराने व्यापारिक रंग लौट आए हैं. तिब्बत से आई विभिन्न प्रकार की पारंपरिक सामग्रियों की दुकानें लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.

इन सामग्रियों को खरीदने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंच रहे लोग भी दुकानों पर जुट रहे हैं. वहीं, नेपाल के व्यापारियों और नागरिकों में भी मेले को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है. मेले को लेकर ईटीवी भारत ने नेपाल और जौलजीबी के व्यापारियों से बात की. साथ ही जाना कि इस मेले का क्या महत्व है और किस तरह से व्यापारियों को लाभ मिल रहा है.

साल 1914 में हुई थी मेले की शुरुआत: बता दें कि पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जौलजीबी में यह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मेला लगता है. जो दोनों देशों की सीमा के पास काली और गोरी नदी के संगम पर लगता है. बताया जाता है कि इस मेले की शुरुआत साल 1914 में अस्कोट के पाल ताल्लुकदार गजेंद्र बहादुर पाल ने की थी.

भारत-चीन व्यापार बंद होने से वहां का सामान आना हो गया था बंद: बता दें कि कोरोना महामारी के बाद से तिब्बत के साथ व्यापार प्रभावित होने के कारण जौलजीबी मेले में पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियां पहले जैसी नहीं रह गई थीं. लंबे समय से तिब्बती सामानों का इंतजार कर रहे व्यापारियों और खरीदारों के लिए इस साल का मेला खास बन गया है.

6 साल बाद तिब्बत के उत्पादों की सजी दुकानें: करीब 6 साल बाद भारत-चीन व्यापार खुलने से तिब्बत (चीन) से आई वस्तुओं की उपलब्धता बढ़ी है. इससे मेले में खरीदारी का उत्साह भी बढ़ा है. तिब्बत से लाई गई पारंपरिक उपयोग की सामग्रियां लोगों को खासा आकर्षित कर रही हैं. दुकानों पर इन वस्तुओं को देखने और खरीदने के लिए भीड़ उमड़ रही है.

“यह लोग चीन से व्यापार करने गए थे, लेकिन इस बार बर्फबारी से परेशानी हुई, तो अनुमति को लेकर काफी दिक्कतें हुई. जिस वजह से हम ज्यादा सामान निर्यात नहीं कर पाए. हम लोग वहां से चरू, कंबल, जैकेट, जूते, छिरबी आदि नए-नए आइटम लेकर आए हैं. जिसे हम जौलजीबी मेले में बेच रहे हैं.“- सुधा, चीन से सामान लेकर लौटे व्यापारी

सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों की दिखती है झलक: जौलजीबी मेला केवल खरीदारी और बिक्री तक सीमित नहीं है. बल्कि, यह सीमांत क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत, लोक संस्कृति और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों का प्रतीक भी है. भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्तों की झलक यहां देखने को मिलती है.

“पहले तीन देशों के बीच यह मेला लगता था. जिसमें भारत-तिब्बत-नेपाल शामिल थे, लेकिन अब दो देश नेपाल और भारत के बीच ही व्यापार हो रहा है.यह दोनों देशों के रिश्ते को भी मजबूत करने का काम करता है.“- जय दत्त ओझा, स्थानीय निवासी, नेपाल

नेपाल से पहुंच रहे व्यापारी और लोग: नेपाल से भी काफी संख्या में व्यापारी और लोग मेले में पहुंच रहे हैं. नेपाली व्यापारियों की भागीदारी से मेले का बाजार गुलजार है. दोनों देशों के लोगों की आवाजाही से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है. मेले में पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है.

“यह ऐतिहासिक और व्यापारिक मेला है. पहले मेले में भारत और नेपाल के बीच सामानों का आदान-प्रदान होता था, लेकिन अब ऑनलाइन ट्रेंड होने की वजह से पहले जैसा व्यापार नहीं रहा.“- दशरथ चंद, व्यापारी, नेपाल

मेले में स्थानीय व्यापारियों को भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है. दुकानदारों का कहना है कि तिब्बत के साथ व्यापार शुरू होने से मेले का आकर्षण बढ़ा है. लंबे समय बाद पारंपरिक तिब्बती सामग्रियां उपलब्ध होने से खरीदारों में उत्सुकता है. वहीं, नेपाल से आने वाले व्यापारियों की मौजूदगी मेले को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान कर रही है.

“यह पहले तीन देशों भारत, नेपाल और तिब्बत का मेला होता था. जो कोरोना काल में प्रभावित हुआ. क्योंकि, भारत-चीन (तिब्बत) के बीच व्यापार बंद हो गया था. इस साल फिर से दोनों देशों के बीच व्यापार हुआ है. ऐसे में वहां से आयात किए सामान की बिक्री इस मेले में हो रही है.“- धीरेंद्र सिंह, अध्यक्ष, व्यापार संघ जौलजीबी

ऐतिहासिक जौलजीबी मेला उत्तराखंड की सीमांत व्यापारिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. काली और गोरी नदियों के संगम पर लगने वाला यह मेला सालों से भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक मेलजोल का माध्यम रहा है. इस मेले में स्थानीय हस्तशिल्प, ऊनी वस्त्र के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के उत्पाद खूब बिकते हैं.

छह साल बाद तिब्बत व्यापार खुलने से इस साल जौलजीबी मेले में लौटी रौनक ने एक बार फिर इसकी ऐतिहासिक पहचान को जीवंत कर दिया है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि व्यापारिक गतिविधियों में आई तेजी से सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा.

जौलजीबी मेले में तिब्बती सामानों की बढ़ी मांग, पारंपरिक वस्तुओं की हो रही बिक्री: ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में तिब्बती सामग्रियों की रौनक लौट आई है. मेले में तिब्बत से लाई गई पारंपरिक उपयोग की वस्तुएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. दुकानों में ऊनी कपड़े, गर्म वस्त्र, पारंपरिक घरेलू उपयोग की सामग्री और अन्य स्थानीय उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं.

इन वस्तुओं को खरीदने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही नेपाल से पहुंच रहे खरीदार भी दुकानों पर पहुंच रहे हैं. लंबे अंतराल के बाद तिब्बती सामान मिलने से व्यापारियों में उत्साह है. इससे मेले की व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिली है.