हल्द्वानी से एक अनोखा मामला सामने आया है जिससे आपके भी होश उड़ जाएंगे। दुल्हन पक्ष ने शादी की तय तारीख पर बारात नहीं लाने का आरोप लगाया है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के पिता ने दहेज में कार सहित अन्य सामान की डिमांड कर शादी तय तिथि से दस दिन आगे बढ़ा दी। इससे नाराज दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया। साथ ही दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।
बरेली रोड स्थित उत्तर उजाला निवासी एक युवक ने आईजी कुमाऊं, डीआईजी गढ़वाल, थानाध्यक्ष थराली और वनभूलपुरा को शिकायती पत्र भेजा है। शिकायती पत्र में कहा गया है कि उसकी बड़ी बहन की शादी समीर पुत्र नसीर अहमद निवासी देवराड़ा थराली चमोली के साथ तय हुई थी। अगस्त 2022 में सगाई के बाद एक मार्च 2023 को शादी की तारीख तय की गई थी।
सगाई के दौरान दुल्हन पक्ष की तरफ से दूल्हे पक्ष के लोगों को ज्वेलरी सहित हजारों के उपहार दिए थे। तभी उन्होंने कार्ड छपवाने के साथ शादी के लिए खरीदारी शुरू कर दी थी। लाखों का फर्नीचर और अन्य सामान भी खरीद लिया गया था। तैयारियों में करीब चार लाख रुपये खर्च हो गए थे। बुधवार को बारात आनी थी।
लेकिन इससे पहले ही दूल्हे और उसके परिजनों ने कहा कि उन्हें तिथि को लेकर असमंजस हो गया है, अब वह बारात दस मार्च को लाएंगे और 10 तारीख को बारात में 100 की जगह 150 लोग शामिल होंगे। साथ ही शादी के दिन दहेज़ में कार की भी मांग की। बता दे शादी की तैयारी कर चुके दुल्हन पक्ष को कुछ नहीं सूझा तो दुल्हन ने ही शादी करने से इनकार कर दिया और पुलिस थाने में दूल्हे पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया।
नीरज भाकुनी थानाध्यक्ष वनभूलपुरा ने जानकारी देते हुए बताया की युवती के भाई की तहरीर में दहेज मांगने की बात कही गई है। जिसके बाद दूल्हे समीर, उसके पिता नसीर अहमद, मां, बड़ी बहन और छोटे भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है साथ ही दुल्हन पक्ष ने अब तक हुए खर्च की भरपाई करने की भी डिमांड रखी है।
