सैन्य धाम पहुंचकर केन्दीय रक्षा मंत्री ने कहा‘बुरी नजर डालने वालों को देंगे कड़ा जवाब’

राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करने और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक नागरिक सैन्य संयुक्तता जरूरी है। भारत एक शांति प्रिय राष्ट्र है, पर जो भी बुरी नजर डालेगा, उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। राष्ट्रीय सुरक्षा की अवधारणा व्यापक हो गई। पिछले आठ सालों में भारत की छवि विश्व में काफी बढ़ी है और दुनिया ने मान लिया कि भारत अब कमजोर नहीं, ताकतवर भारत बन गया है।ये सभी बातें लालबहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में 28वें संयुक्त नागरिक-सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेंट जार्ज कालेज में पत्रकारों से वार्ता के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कही। केंद्रीय मंत्री ने अफसरों को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया पारंपरिक युद्ध से कहीं अधिक चुनौतियों का सामना कर रही है।शांति के दौरान भी कई मोर्चों पर युद्ध जारी है। पूर्ण युद्ध किसी देश के लिए उतना ही घातक होता है, जितना उसके दुश्मनों के लिए, इसलिए पिछले कुछ दशकों में पूर्ण पैमाने पर युद्धों से बचा गया है। उनकी जगह पर्दे के पीछे और गैर-लड़ाकू युद्धों ने ले ली है। प्रौद्योगिकी, आपूर्ति लाइन, सूचना, ऊर्जा, व्यापार प्रणाली, वित्त प्रणाली आदि को हथियार बनाया जा रहा, जो आने वाले समय में हमारे खिलाफ एक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।