सहसपुर जमीन घोटाला : हरक सिंह रावत की बढ़ी मुश्किलें, ED ने पत्नी समेत 5 पर ठोकी चार्जशीट

उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आया है। सहसपुर जमीन घोटाले में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ईडी ने हरक सिंह समेत पांच लोगों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।

ED ने हरक सिंह रावत समेत 5 पर ठोकी चार्जशीट

चार्जशीट में हरक सिंह की पत्नी, उनके करीबी रहे बिरेंद्र सिंह कंडारी, लक्ष्मी राणा और पूर्णा देवी मेमोरियल ट्रस्ट को भी आरोपी बनाया गया है। ईडी ने इन सभी पर मनी लॉन्ड्रिंग और बेनामी लेनदेन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। ईडी की जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में साजिश के तहत 70 करोड़ रुपये की 101 बीघा जमीन खरीदी गई थी। यह जमीन सहसपुर क्षेत्र में स्थित है, जिस पर बाद में दून इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की नींव रखी गई।

जमीन को खरीदने में हुआ था कालेधन का इस्तेमाल

ईडी पहले ही इस पूरी जमीन को अटैच कर चुकी है और ट्रस्ट के आर्थिक लेनदेन की जांच भी जारी है। आरोप है कि इस जमीन को खरीदने में कालेधन का इस्तेमाल हुआ और ट्रस्ट को ढाल बनाकर संपत्ति को सफेद करने की कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार, ईडी ने इस मामले में कई अहम दस्तावेज और बैंक ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड कोर्ट में पेश किए हैं, जो इस घोटाले की परतें खोलते हैं।