उत्तराखंड के पांच सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं। लोकतंत्र के इस पर्व में हर कोई बढ़चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहा है। मतदान करने के लिए लोग सुबह से लाइनों में लगे हुए हैं। वहीं हल्द्वानी से एक गजब की तस्वीर सामने आई है।
नैनीताल जिले के लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के दैलिया मतदान केंद्र पर एक ऐसा नजारा देखने को सामने आया जहां दुल्हन मतदान स्थल पर पहुंची और मतदान कर इस लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभाई। दुल्हन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि देर रात उसकी शादी हुई है और आज मतदान के दिन उसकी विदाई हो रही है।
लेकिन विदाई से पहले उसने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने का काम किया है। दुल्हन गायत्री चन्दोल ने बताया कि वो दैलिया गांव से पली बढ़ी है और वर्तमान में वह बेंगलुरु में जॉब करती है जहां बेंगलुरु निवासी रवि शंकर त्रिपाठी से उसकी शादी हुई है और देर रात शादी समारोह के बाद विदाई से पहले मतदान स्थल पर पहुंच अपना मताधिकार का प्रयोग किया है।
