मुख्यमंत्री आवास परिसर में मंगलवार को शहद निष्कासन कार्य किया गया, जिसमें पहले चरण में 57 किलोग्राम शहद निकाला गया। इस बार कुल 200 किलोग्राम शहद निकालने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लेते हुए शहद महोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड में बी-कीपिंग की अपार संभावनाएं : CM
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में मौन पालन (बी-कीपिंग) की अपार संभावनाएं हैं, क्योंकि यहां विभिन्न प्रकार के फूलों की प्रजातियां उपलब्ध हैं, जो जैविक शहद उत्पादन के लिए उपयुक्त हैं। उन्होंने उद्यान विभाग को हर साल शहद महोत्सव की तिथि निर्धारित करने और महोत्सव में मधुमक्खियों से जुड़े सभी उत्पादों को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड में होगा वार्षिक शहद महोत्सव
राज्य में औषधीय गुणों वाला शहद उत्पादन बढ़ाने के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों को मौन पालन के प्रति जागरूक करने और इसे एक आर्थिक रूप से लाभदायक उद्यम के रूप में बढ़ावा देने पर जोर दिया।