हल्द्वानी में भाजपा के कुमाऊं कार्यालय में शनिवार को पूर्व दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू और भाजपा कार्यकर्ता गोविंद टाकुली के बीच विवाद होने के बाद से कार्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया की दोनो के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई।
मामला अब थाने तक जा पहुंचा है। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बेहद करीबी बताए जाते हैं। आज जैसे ही यह खबर शहर में फैली तो चर्चा का विषय बन गई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच मारपीट भी हुई है। वही जब मीडिया ने पूर्व दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू से बात करी तो उन्होंने कार्यकर्ता पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी कार्यालय में बैठने वाला गोविंद टाकुली नाम का शख्स उनको पिछले कई दिनों से गलत मैसेज भेज कर बदनाम करने की कोशिश कर रहा था। यही नहीं वो बार-बार पैसों की मांग भी करता था।
आज भी उसने ऐसी ही हरकत की हालांकि उनके साथ अभद्रता पूर्ण व्यवहार करने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी है। फिलहाल पुलिस ने गोविंद टाकुली को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें अभी तक पूर्व दर्जा राज्यमंत्री द्वारा पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि उनका कहना है कि उनके साथ अभद्रता करने वाला व्यक्ति इसी प्रवृत्ति का है इससे पहले भी उसके खिलाफ इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। जानकारी के मुताबिक टाकुली लाइसेंसी हथियार भी रखता है।
