ऋषिकेश में एक हैरत भरा मामला सामने आया है। लंगर के दौरान भोजन न मिलने पर एक सिरफिरे व्यक्ति ने सेवादार पर पेचकस से हमला गंभीर रूप से घायल कर दिया। सेवादार को उपचार के लिए एम्स ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान सेवादार ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान आरोपी नशे की हालत में बताया जा रहा था।
सोमवार दोपहर हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में लंगर का निर्धारित समय समाप्त होने की बात कहने पर एक व्यक्ति गेट पर तैनात सेवादार पर भड़क गया। गुस्से से आगबबूला होकर व्यक्ति बिहार के सहरसा जिले के सनकुआ निवासी सेवादार कपिल साह पर पेचकसनुमा औजार लेकर टूट पड़ा। व्यक्ति ने सेवादार की छाती और गले के बीच में औजार घोंपकर उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सेवादार ने अस्पताल में ही तोड़ा दम
सेवादार के कुछ साथी आनन-फानन में घायल कपिल साह को उपचार के लिए एसपीएस राजकीय अस्पताल लेकर आए। लेकिन हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसको एम्स रेफर कर दिया। एम्स में उपचार के दौरान कपिल शाह ने दम तोड़ दिया।
नशे की हालत में बताया जा रहा आरोपी
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुनि की रेती के शीशमझाड़ी निवासी आरोपी लक्की को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों का कहना था कि आरोपी नशे की हालत में था। पुलिस प्रशासन ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया है। मृतक मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।मृतक कपिल साह करीब 20 साल से गुरुद्वारे में सेवा कर रहे थे।
