शीतकाल के लिए बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, खरसाली के लिए रवाना हुई मां यमुना की डोली

विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं. जिसके बाद मां यमुना की डोली ढोल-दमाऊ के साथ खरसाली के लिए रवाना हो गई है.

भैयादूज के पावन पर्व पर 12 बजकर 5 मिनट पर मां यमुना के उद्गम स्थल स्थित उत्तराखंड के प्रसिद्ध धाम यमुनोत्री के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिये गए हैं.जिसके बाद मां यमुना की डोली ढोल-दमाऊ के साथ शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली (खुशीमट्ठ) गांव के लिए रवाना हुई.

शीतकाल में श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन व पूजा-अर्चना शीतकालीन प्रवास खरसाली स्थित यमुना मंदिर में कर सकेगें. बता दें इस साल 7 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री धाम के दर्शन किए. चारधाम यात्रा-2024 के दौरान करीब 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के दर्शन किए.