उत्तराखंड में फिर बढ़ी ठंड, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

उत्तराखड में फरवरी के आखिरी सप्ताह में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। उत्तराखंड की चोटियों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जिसके चलते मैदानी इलाकों में भी सर्द हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार 26 और 27 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

जबकि राजधानी देहरादून और अल्मोड़ा में भी हल्की बारिश के आसार हैं। जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। बता दें चारधाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों के कई गांव बर्फ से ढके हुए हैं।

सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

कई स्थानों पर बर्फबारी के चलते मार्ग अवरुद्ध हैं। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदान तक सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा रखी है। दिन के समय धूप और सुबह शाम ठिठुरन वाली ठंड ने लोगों को परेशान किया हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के अंतिम सप्ताह में पांच साल बाद पारा छह डिग्री सेल्सियस या इससे कम रहा है। देहरादून सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों में इन दोनों सामान्य न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी होने के कारण कड़ाके की ठंडी एक बार फिर लौट आई है।