सीएम धामी ने सैनिकों के साथ मनाई दिवाली, गढ़वाल राइफल्स के योगदान का किया जिक्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रकाश के पावन पर्व दीपावली के मौके पर लैंसडाउन, पौड़ी में गढ़वाल राइफल्स के सैनिकों और उनके परिजनों के बीच पहुंचे. सीएम धामी ने जवानों के समर्पण के प्रति अपनी भाव पूरित कृतज्ञता व्यक्त कर उनकी वीरता और बलिदान को नमन किया.

सीएम धामी ने सैनिकों के साथ मनाई दिवाली

मुख्यमंत्री धामी ने कहा मां भारती की सेवा में अहर्निश समर्पित सैनिकों और उनके परिवारों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है. एक सैनिक पुत्र होने के नाते जवानों के बीच पहुंचकर दीपावली का पर्व मनाना मेरे लिए अविस्मरणीय क्षण हैं. सीएम ने कहा हमारे सैनिकों ने सदैव देश की रक्षा के लिए अद्वितीय साहस और बलिदान का परिचय दिया है. हमारी सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है.

गढ़वाल राइफल्स के योगदान का किया जिक्र

सीएम ने कहा कई वर्षों के बाद दीपावली पर यह पहला अवसर है जब भगवान राम अपने महल में विराजमान हैं. चाहे हम पहले विश्व युद्ध की बात करें या दूसरे विश्व युद्ध की बात करें या फिर देश की आजादी के बाद भारत की सेना ने जितनी भी लड़ाइयां लड़ी उसमें योगदान की बात करें तो उसमें गढ़वाल राइफल्स का बड़ा योगदान है. सीएम ने कहा हमारे राज्य के अंदर बलिदान देने वाले सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली 10 लाख रुपए की धनराशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने का प्रावधान किया गया है.