उत्तराखंड के बजट सत्र की शुरुवात हो गई है। इस बार सत्र प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित किया गया है। सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद धामी सरकार की कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगभग इन पांच बिन्दुओं पर मुहर लगी है।
उत्तराखंड के बजट सत्र के दौरान इन बिंदुओं पर लगी मुहर
- राज्य की नई सौर ऊर्जा नीति को मंजूरी मिली।
- राज्य आंदोलनकारियों को सरकारी नौकरी में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की सब कमिटी की रिपोर्ट भी स्वीकृत की गई। अब उक्त विधेयक राजभवन भेजा जाएगा।
- बैठक में विधायक निधि बढ़ाने को मंजूरी मिली। विधायक निधि को 3 करोड़ 75 लाख से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की गई।
- मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए अब एक साल में 25 लाख के बजाय 50 लाख रुपये मिलेंगे।
- महिला मंगल दलों को मिलने वाली राशि 25 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपये की गई।
सदन की कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक स्थगित
विधानसभा के बजट सत्र का पहला दिन हंगामेदार रहा। राज्यपाल ने हंगामे के बीच ही अभिभाषण पढ़ा। अभिभाषण शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू की। यहां तक कि विधायक वैल तक पहुंच गए। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
