केदारनाथ धाम में स्थापित होगा 60 क्विंटल वजनी कांसे का भव्य ऊँ, ट्रायल पूरा

केदारनाथ धाम में जल्द ही 60 क्विंटल वजनी कांसे का भव्य ऊँ स्थापित किया जाएगा। सोमवार को आकृति का ट्रायल जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा किया गया। जल्द ही इसे केदारनाथ में स्थायी रूप से स्थापित किया जाएगा।

केदारनाथ धाम में पहले चरण में मंदिर परिसर के विस्तार के साथ ही मंदिर मार्ग और गोल प्लाजा का निर्माण किया गया था। अब गोल प्लाजा जो की मंदिर परिसर से लगभग ढाई सौ मीटर पहले संगम के ठीक ऊपर स्थित है। वहां पर ऊँ की आकृति को स्थापित किया जाएगा।

बता दें 60 क्विंटल वजनी कांसे से ऊँ की आकृति को गुजरात के बडौदा में बनाया गया है। कार्यदायी संस्था के ईई विनय झिक्वांण ने बताया है कि ऊँ की आकृति को पूरी तरह से सुरक्षित करने के लिए आकृति के चारों तरफ से तांबे से वेल्डिंग की जाएगी।

इसके अलावा आकृति के बीच के हिस्से को भी सुरक्षित किया जाएगा। जिससे बर्फबारी से आकृति को कोई नुकसान न पहुंचे। एक सप्ताह में ऊँ आकृति को स्थायी रूप से स्थापित कर दिया जाएगा।