उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, राजधानी में चढ़ने लगा पारा

उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। जहाँ बीते दिन पूर्व जनवरी माह के आखिरी दिनों में पूरे राज्य में बारिश के साथ पहाड़ी इलाकों में बर्फ़बारी हो रही थी। उधर फरवरी माह की शुरुवात में अब सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक फरवरी में सिर्फ तीन दिन बारिश के आसार हैं।

उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मासिक न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, ऊधमसिंहनगर और हरिद्वार में कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम के बदलते मिजाज के चलते दून में ठंड का असर कम होने लगा है। पारा भी दिनों दिन चढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को दून में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी नौ डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।