प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड को एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात दी है। मंगलवार को पीएम मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर देहरादून से लखनऊ के लिए रवाना किया। आइए जानते हैं देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत ट्रेन की टाइमिंग और अन्य डिटेल्स।
आज से शुरू हुई देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत
बता दें वंदे भारत के संचालन से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को जोड़ा जा रहा है। 12 मार्च को पीएम मोदी ने देहरादून से लखनऊ के बीच की देश की सबसे हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्टेशन पर उत्तराखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
इतने घंटे में तय होगा सफर
देहरादून से लखनऊ तक का सफर वंदे भारत ट्रेन में आठ घंटे 15 मिनट में तय होगा। अभी तक लखनऊ से देहरादून आने वाले यात्रियों को देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस में सफर तय करना पड़ता था। बता दें देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस से देहरादून पहुंचने में 10 घंटे 15 मिनट लगते थे। वहीं जनता एक्सप्रेस में 13 घंटे 20 मिनट का समय लगता है। वंदे भारत ट्रेन से अब ये सफर आठ घंटे 15 मिनट में पूरा हो जाएगा।
देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत ट्रेन का शिड्यूल
देहरादून से लखनऊ जाने वाली ट्रेन सुबह 5:25 पर लखनऊ से रवाना हो जाएगी। ये ट्रेन दोपहर 1:35 बजे देहरादून पहुंचेगी। यही ट्रेन देहरादून से दोपहर 2:25 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। जिसके बाद रात 10:40 बजे यह लखनऊ पहुंचेगी।
इन स्टेशन पर रुकेगी ट्रेन
देहरादून से लखनऊ जाने वाले वंदे भारत ट्रेन पांच स्टेशनों पर रुकेगी। देहरादून से चलकर वंदे भारत ट्रेन हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और आलमनगर में रुकने के बाद लखनऊ पहुंचेगी। बता दें वंदे भारत ट्रेन के संचालन के बाद उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
