रुद्रपुर में आगामी 10 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कार्यक्रम होना है. गांधी पार्क में सरस मेले में शिरकत करने के साथ ही सीएम धामी मुख्य बाजार में रोड शो भी करेंगे. सीएम के कार्यक्रम की तैयारी को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां जोरों पर है.
इस दौरान सीएम धामी के रुद्रपुर पहुंचने पर उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग रामपुर रोड स्थित उत्तराखंड ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज संस्थान ( UIRD ) परिषर में कराई जाएगी. हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रशासन की ओर से यूआईआरडी परिसर में अस्थाई हेलीपैड बनाया जा रहा है
अस्थाई हेलीपैड बनाने के लिए कई हरे पेड़ काटने का मामला सामने आया है. हरे पेड पर आरी चलने से वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. बता दे उधम सिंह नगर जिले का मुख्यालय रुद्रपुर होने के चलते पीएसी और पुलिस लाइन भी रुद्रपुर में ही है. महज 13 किलोमीटर दूर पंतनगर एयरपोर्ट भी स्थित है.
बावजूद इसके यूआईआरडी में अस्थाई हेलीपैड बनाने की बात पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. अस्थाई हेलीपैड बनाने के लिए हरे पेड़ों पर आरी चलने के बाद जिला प्रशासन पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं. वहीं तराई केंद्रीय प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी से जब इस संबंध में जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि हरे पेड़ काटे जाने की जानकारी उनको नहीं है.
तराई केंद्रीय प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी ने बताया कि मीडिया के द्वारा ही उनके संज्ञान में यह बात लाई गई है. जिसके बाद उन्होंने पूरे मामले में जांच कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा की अगर प्रतिबंधित पेड़ों पर आरी चलने की शिकायत सही पाई गई तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
