बरसात शुरू होते ही रुड़की शहर एक बार फिर जलभराव की समस्या से जूझने लगा है। जगह-जगह भरे पानी और नालियों के ओवरफ्लो ने आम जनजीवन को मुश्किल में डाल दिया है। खासकर कृष्णा नगर और आदर्श नगर के निवासी इस समस्या से त्रस्त हैं और अब उनका गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है।
ग्रामीणों ने किया नगर निगम का घेराव
रविवार को हुई कुछ ही घंटो की बारिश के कारण जलमग्न हुई गलियों से परेशान सैकड़ों लोग नगर निगम पहुंचे और मेयर का घेराव कर दिया। उन्होंने निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाया और साफ कहा कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा। कृष्णा नगर और आदर्श नगर के लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन आज तक कोई पुख्ता इंतज़ाम नहीं किया गया। बरसात आते ही घरों में पानी घुस जाता है, बच्चों का स्कूल जाना और काम पर निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
मेयर ने दिया आश्वासन
मेयर की अनुपस्थिति में उनके पति लोगों से बातचीत के लिए सामने आए और जल्द मौके पर जाकर वैकल्पिक समाधान करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समस्या की गंभीरता को समझते हुए नगर निगम शीघ्र ही कार्रवाई करेगा। बाद में मेयर ने बयान जारी कर कहा कि नगर निगम टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह बारिश के दौरान जलनिकासी की पूरी निगरानी करे और जरूरत पड़ने पर अस्थायी पंपिंग की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं का जल्द स्थायी समाधान किया जाएगा।