उत्तराखंड में राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। बता दें कार्यक्रम को आयोजन युवा एवं प्रांतीय रक्षक दल की ओर से किया गया है।
डोईवाला महिला मंगल दल ने हासिल किया पहला स्थान
सीएम धामी ने प्रदेश में बेहतर काम करने वाले युवा मंगल दल और महिला मंगल दल को स्वामी विवेकानंद पुरस्कार से सम्मानित किया। बता दें प्रथम स्थान महिला मंगल दल डोईवाला ने हासिल किया। जबकि दूसरे स्थान पर नैनीताल का महिला मंगल दल तो तीसरे स्थान पर चंपावत का महिला मंगल दल रहा।
नैनीताल युवा मंगल दल को मिला प्रथम पुरस्कार
वहीं नैनीताल के युवा मंगल दल को पहला स्थान मिला है। जबकि ज्वालापुर के युवा मंगल दल को दूसरा स्थान और भगवानपुर युवा मंगल को तीसरा स्थान मिला है। प्रथम स्थान हासिल करने वाले दल को एक लाख की धनराशि दी गई है। जबकि द्वितीय स्थान को 50 हजार और तृतीय स्थान को 25 हजार रूपये की धनराशि दी गई है।
राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे युवा
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं को मूल मंत्र मानकर युवा आज राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। हमारे युवाओं का समपर्ण संपूर्ण राष्ट्र को ऊर्जा देने का काम करता है। ऊर्जा के लिए उत्साह और उमंग दोनों जरूरी हैं। स्वामी विवेकानंद का उत्तराखण्ड से भी आध्यात्मिक रिश्ता रहा है।
2047 तक भारत हर क्षेत्र में होगा विकसित : CM
सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम स्वामी विवेकानंद के सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। इस लक्ष्य को कोई साध सकता है तो वो आप युवा हैं। वर्ष 2047 तक भारत हर क्षेत्र में विकसित बन जाएगा।
