उत्तराखंड में सेवा के दौरान उपनल कर्मचारी की मौत होने पर आश्रितों को सरकार एक लाख रुपये का मुआवजा देगी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उपनल कर्मचारी महासंघ के अधिवेशन में इसकी घोषणा की। अभी यह राशि 15 हजार रुपये है। मंत्री ने उपनल कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी शीघ्र पूरा करने के आश्वासन दिए।
उपनल कर्मचारी हर विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कर रहा काम- जोशी
रविवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी यमुना कालोनी में आयोजित उपनल कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय अधिवेशन में पहुंचे। मंत्री ने कहा उपनल कर्मचारी हर विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहा हैं। सरकार का दायित्व है कि कर्मचारियों की समस्या को सुने और समाधान करें। उपनल की ओर से प्रदेश भर के अभ्यर्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है।
वर्तमान में उपनल से विभिन्न विभागों में लगभग 24 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। देश में जितने भी कॉरपोरेशन हैं उनमें आउटसोर्स कर्मचारी संख्या के हिसाब से उपनल दूसरे स्थान पर है। मंत्री ने कहा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के लिए कल्याणकारी योजनाओं में सीएसआर मद से लगभग 56 लाख खर्च किए जा चुके हैं। उपनल ने जोशीमठ आपदा में भी मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 लाख रुपये दिए हैं।
