नैनीताल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन, धरने पर बैठे कार्यकर्ता

नैनीताल जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था और पिछले दिनों पंचायत चुनाव के दौरान नैनीताल में अपहरण और फायरिंग के साथ ही हल्द्वानी में हुई कई अपराधिक घटनाओं के खिलाफ कांग्रेस ने आज हल्द्वानी में बुध पार्क में धरना प्रदर्शन किया।

नैनीताल में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन

राज्य सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता उप प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, जसपुर विधायक आदेश चौहान के अलावा कांग्रेस के कई विधायक हल्द्वानी के बुद्ध पार्क पहुंचे जहां प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर कई सवाल खड़े किए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नैनीताल जिले के साथ ही पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है दिनदहाड़े लोगों का अपहरण और हत्याएं हो रही है, महिलाएं सुरक्षित नही है अपराध लगातार बढ़ते जा रहे है।

भाजपा के इशारों पर काम कर रही पुलिस: कांग्रेस

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नैनीताल पुलिस भाजपा और प्रदेश सरकार के इशारों पर काम कर रही हैं। यहां तक की इसके खिलाफ कोई आवाज उठा रहा है तो प्रदेश सरकार और पुलिस उसको दबाने का काम कर रही हैं। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महारा ने प्रदेश सरकार और भाजपा पर कई आरोप लगाये कि प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं केंद्र सरकार से आई रिपोर्ट में महिला अपराध में उत्तराखंड नंबर एक पर है. उत्तराखंड में लगातार लूट अपहरण और हत्याओ के अलाव अन्य अपराध हो रहे हैं पंचायत चुनाव में नैनीताल में जो अपराध खुद भाजपा के लोगों ने किये है उसको पूरे देश ने देखा है लेकिन पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, पंचायत चुनाव में दिनदहाड़े सदस्यों का अपहरण हो जाता है भाजपा के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को पुलिस थाने में बैठाकर उनको प्रताड़ित कर रही है।