चमोली के दो प्रमुख मार्गों का नाम बदला, जानें अब किस नाम से जाना जाएगा

उत्तराखंड की धामी सरकार ने चमोली के दो मुख्य मार्गों का नाम बदल दिया है. जिसके बाद हेमकुंट साहिब मैनेजेंट ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया है.

चमोली के दो प्रमुख मार्गों का नाम बदला

सरकार ने गोविंदघाट घाघरिया मार्ग और बिदौरा छेवीं पातशाही गेट से धूमखेड़ा का नाम बदल दिया है. अब गोविंदघाट घाघरिया मार्ग साहिबज़ादा जोरावर सिंह मार्ग के नाम से जाना जाएगा. जबकि बिदौरा छेवीं पातशाही गेट से धूमखेड़ा अब साहिबज़ादा फतेह सिंह रोड के नाम से जाना जाएगा. बता दें ये श्रद्धांजलि सीएम धामी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर दी है. जिसका हेमकुंट साहिब मैनेजेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष ने आभार व्यक्त किया है.

वीर शहीदों के नाम से जाने जाएंगे दोनों मार्ग

बता दें साहिबज़ादा जोरावर सिंह और साहिबज़ादा फतेह सिंह, गुरु गोबिंद सिंह के पुत्र थे. दोनों ने बहुत कम उम्र में साहस और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया था, जिससे अनगिनत लोगों को अपने विश्वासों और मूल्यों के लिए खड़े होने के लिए प्रेरित किया. मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने कहा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी ने दोनों वीरों की बहादुरी को याद करके यह सुनिश्चित किया है कि उनकी कहानी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी.

मैनेजमेंट ट्रस्ट ने जताया सीएम धामी का आभार

हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है. नरेंद्र बिंद्रा ने कहा ये पहल न केवल दो वीर शहीदों साहिबज़ादा जोरावर सिंह और साहिबज़ादा फतेह सिंह की यादों को सम्मानित करती है, बल्कि उनके द्वारा प्रतिबिंबित साहस, दृढ़ संकल्प और बलिदान के मूल्यों को भी मजबूत करती है.