पुलिस ने रीठा साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं की प्रतिबंधित बसों को रोका, तीर्थ यात्रियों में आक्रोश

पंजाब से रीठा साहिब गुरुद्वारा के दर्शन के लिए जा रही 62 सीटर पांच प्रतिबंधित बसों को पुलिस ने लोहाघाट में रोक दिया। जिस कारण तीर्थयात्रियों को तीन घंटे लोहाघाट बस स्टेशन में इंतजार करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन के इस रवैए पर सिक्ख श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई है

बता दें तीर्थयात्रियों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। सिख तीर्थ यात्रियों ने कहा अगर प्रशासन ने लंबी बसों को प्रतिबंधित किया है तो इसकी सूचना पूर्व में देनी चाहिए और टनकपुर में ही बस को रोक देना चाहिए था ताकि वह टनकपुर से दूसरे वाहन का इंतजाम कर रीठा साहिब दर्शन के लिए जाते।

मामले को लेकर लोहाघाट के तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी ने बताया कि रीठा साहिब मार्ग में सिर्फ 38 सीटर बसों को ही परमिट दिया गया है। सड़क सकरी होने की वजह से लंबी बसों की दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना को देखते हुए लंबी बसों को इस मार्ग में प्रतिबंधित किया गया है। जिसकी सूचना रीठा साहिब व नानकमत्ता गुरुद्वारा व मीडिया के माध्यम से पूर्व में दी जा चुकी है।

लोहाघाट के तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी ने सिख श्रद्धालुओं को शांत कराया और रोडवेज बसों का प्रबंध कर सिक्ख श्रद्धालुओं को रीठा साहब की ओर रवाना किया।